Vedant Samachar

रायपुर में प्राइवेट ऑफिस में चोरी करने वाले तीन नाबालिग पकड़े गए, मोबाइल और लैपटॉप बरामद

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर, 09 मार्च (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर एक प्राइवेट कार्यालय में चोरी करने वाले तीन विधि से संघर्षरत बालकों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी हुए मोबाइल फोन और दो लैपटॉप बरामद किए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुनील कुमार केसवानी ने 8 मार्च 2026 को थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 5 मार्च को रविनगर राजातालाब स्थित अपने सीए कार्यालय में ताला लगाकर घर चला गया था। अगले दिन जब वह ऑफिस पहुंचा तो दरवाजा खोलने पर देखा कि केबिन में टेबल का दराज टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर चांदी के दो सिक्के, दो लैपटॉप और एक मोबाइल फोन कुल लगभग 60 हजार रुपये की चोरी होना पाया गया।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 150/2026 धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को घटना में शामिल आरोपियों के बारे में अहम जानकारी मिली, जिसके आधार पर तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी हुआ एक मोबाइल फोन और दो लैपटॉप, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, बरामद कर लिया है। सभी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।

Share This Article