जांजगीर-चांपा, 09 मार्च (वेदांत समाचार)। पंचायत बैठक के दौरान सरपंच को गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को अजाक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या, बलवा और धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराधों के मामले भी दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लच्छनपुर निवासी प्रार्थी गेंदराम ने थाना जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 फरवरी 2026 को ग्राम पंचायत लच्छनपुर के पंचायत भवन में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में गांव के विकास कार्यों को लेकर चर्चा चल रही थी, उसी दौरान गांव का ही निवासी रामगोपाल साहू (38 वर्ष) अनावश्यक विवाद करने लगा।
बैठक में मौजूद ग्रामीणों और प्रार्थी द्वारा समझाइश देने पर भी आरोपी नहीं माना और अश्लील गाली-गलौच करते हुए धमकी दी कि वह पंचायत के नाम पर अवैध वसूली करेगा और जिसे रोकना है वह रोककर दिखाए। जब प्रार्थी ने गाली-गलौच करने से मना किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दे दी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v), 3(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सतरूपा तारम के नेतृत्व में अजाक पुलिस टीम ने आरोपी रामगोपाल साहू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रंजीत सिंह कंवर, सहायक उपनिरीक्षक रामेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक रामकृष्ण खैरवार, आरक्षक मंगल सिंह नेताम और संजय साहू का सराहनीय योगदान रहा।