Vedant Samachar

अकलतरा पुलिस ने 4 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को पकड़ा, ओडिशा से छत्तीसगढ़ ला रहे थे मादक पदार्थ

Vedant samachar
2 Min Read


जांजगीर-चांपा, 09 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले की अकलतरा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 4 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की तैयारी में थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 को अकलतरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास दो युवक एक बैग में भारी मात्रा में गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रेलवे सुरक्षा बल के साथ मिलकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ा।

पकड़े गए युवकों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान तरुण सेन (24 वर्ष) निवासी ग्राम रावणभाठा, थाना गरियाबंद, जिला गरियाबंद और प्रतीक मिश्रा (21 वर्ष) निवासी बिरगांव, थाना उरला, जिला रायपुर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद काले रंग के बैग से चार पैकेट में करीब 4 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मादक पदार्थ गांजा ओडिशा के बेलपहाड़ से लेकर आए थे और उसे छत्तीसगढ़ में खपाने की योजना थी। पुलिस ने गांजा को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ अकलतरा थाना में अपराध क्रमांक 129/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया, आरक्षक गौकरण राय, राजारात्रे, राज पांडे तथा रेलवे सुरक्षा बल के प्रधान आरक्षक आर.पी. द्विवेदी, सत्यम सरकार और रणवीर की अहम भूमिका रही।

Share This Article