Vedant Samachar

Raipur Crime: पीठ में चाकू मारकर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से कुछ ही घंटों में पुलिस ने पकड़ा

Vedant Samachar
3 Min Read

रायपुर,09 मार्च (वेदांत समाचार)। रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पकड़ने में सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी सनत यदु, निवासी विकास नगर गुढियारी, एक प्रिंटिंग प्रेस में ऑपरेटर के रूप में काम करता है। 8 मार्च 2026 की सुबह करीब 5 बजे वह ड्यूटी समाप्त कर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जब वह उरला स्थित छत्तीसगढ़ धर्मकांटा के पास पहुंचा, तब सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच स्कूटी में सवार दो अज्ञात युवक पीछे से आए और धारदार हथियार से उसकी पीठ पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर उरला थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा तथा थाना प्रभारी उरला को आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगे 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। इसके साथ ही मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी राजेश्वर नेताम उर्फ गोपी तथा एक विधि के साथ संघर्षरत बालक की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू और एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी राजेश्वर नेताम उर्फ गोपी (18 वर्ष) एएचपी कॉलोनी उरला का निवासी है। पुलिस दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Share This Article