Vedant Samachar

तीन बच्चों को बैठाकर तेज व लापरवाही से वाहन चलाने वाला चालक गिरफ्तार, मानव जीवन को खतरे में डालने का मामला दर्ज

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,09 मार्च (वेदांत समाचार) । रायपुर में तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर मानव जीवन को खतरे में डालने वाले एक चालक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 को थाना खमतराई क्षेत्र के भनपुरी चौक के पास एक टीवीएस एक्सएल 100 वाहन क्रमांक CG04FA-1660 का चालक अपने वाहन में तीन छोटे बच्चों को बैठाकर तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पाया गया। चालक की इस हरकत से न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ बल्कि मानव जीवन को भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा थाना प्रभारी खमतराई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्वतः संज्ञान लेते हुए वाहन चालक की तलाश शुरू की। जांच के दौरान वाहन चालक की पहचान भोजराज ताण्डी, पिता राजेश ताण्डी, निवासी कोटा, थाना सरस्वती नगर रायपुर के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के इस कृत्य को गंभीर मानते हुए उसके विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 157/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 तथा मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और लापरवाही से वाहन न चलाने की अपील की है।

Share This Article