कोरबा, 09 मार्च (वेदांत समाचार)। औद्योगिक नगरी कोयलांचल दीपका में विश्व महिला दिवस के अवसर पर सृष्टि महिला समाजसेवी संस्था द्वारा द गुलाबो रेस्टोरेंट में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं सहित सेवा, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं का सम्मान किया गया। इस दौरान संस्था की ओर से “सृष्टि से सृजन तक” पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अरपा पैरी के धार गीत की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद सृष्टि महिला समाजसेवी संस्था की सदस्यों द्वारा सामाजिक संदेश से भरपूर नाटक की प्रस्तुति दी गई। संस्था की मातृशक्तियों ने ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित जीवंत नाट्य प्रस्तुति देकर दर्शकों को प्रभावित किया। साथ ही भ्रूण हत्या के खिलाफ जागरूकता फैलाते हुए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के संदेश को भी नाट्य रूपांतरण के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कटघोरा के क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, वरिष्ठ पार्षद अरुणीश तिवारी, तरुण राहा और सृष्टिधर तिवारी शामिल हुए। सभी अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर सृष्टि महिला समाजसेवी संस्था की अध्यक्ष गौरी चक्रवर्ती, सचिव रागिनी तिवारी, कोषाध्यक्ष प्रीति शर्मा, उपाध्यक्ष सीमा सिंह सहित सिम्मी रात्रि, अनीता राठौर, ममता मिश्रा, माला बारिक, शकुंती पटेल, सरोजनी पटेल, सुषमा सिंह, अनामिका यादव, बी. स्निग्धा, अंजलि गौराहा, पूर्णिमा कुरील, खुशबू देवांगन, पुष्पा तिवारी, रंजीत साहू, कल्पना शुक्ला और प्रिया पटेल समेत संस्था की सदस्याएं उपस्थित रहीं।