बेमेतरा, 08 मार्च (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में महामहिम राज्यपाल रमेन डेका के हाथों वस्तु एवं सेवा कर अपीलीय अधिकरण (जीएसटीएटी) पर आधारित ई-पुस्तक ‘जीएसटीएटी लिटिगेशन गाइड’ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर नवागढ़ विकासखंड के ग्राम धनगांव की निवासी अधिवक्ता आस्था तिवारी की विशेष उपस्थिति और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा दिया। इस पुस्तक में आस्था तिवारी सह-लेखक के रूप में शामिल हैं, जिससे नवागढ़ क्षेत्र के लोगों में गर्व और उत्साह का माहौल है।
आस्था तिवारी नवागढ़ क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार राकेश तिवारी की पुत्री हैं। बचपन से ही पढ़ाई और अध्ययन के प्रति गंभीर रहीं आस्था ने विधि के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है। कम उम्र में ही देश के कर कानून से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पुस्तक के लेखन में भागीदारी कर उन्होंने यह साबित कर दिया कि छोटे क्षेत्र की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
‘जीएसटीएटी लिटिगेशन गाइड’ पुस्तक प्रख्यात अधिवक्ता विवेक सारस्वत द्वारा लिखी गई है। इसमें सह-लेखकों के रूप में अधिवक्ता बीना सिंह गौतम, आस्था तिवारी और प्रियांश शर्मा का भी महत्वपूर्ण योगदान है। यह पुस्तक वस्तु एवं सेवा कर अपीलीय अधिकरण में होने वाली कानूनी प्रक्रियाओं को सरल भाषा में समझाने वाली एक महत्वपूर्ण मार्गदर्शिका मानी जा रही है।
पुस्तक में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम 2017, अधिकरण प्रक्रिया नियम 2025, पूर्व-जमा की गणना, अंतरवर्ती आवेदन और ई-प्रस्तुतीकरण की प्रक्रिया जैसे विषयों को विस्तार से समझाया गया है। इससे अधिवक्ताओं, कर सलाहकारों और करदाताओं को व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हो सकेगी और जीएसटीएटी से जुड़ी कानूनी प्रक्रियाओं को समझना आसान होगा।
पुस्तक के विमोचन के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि न्याय तक पहुंच किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जीएसटीएटी की स्थापना करदाताओं को विशेषज्ञ और समयबद्ध न्यायिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस पुस्तक को विधि जगत के लिए उपयोगी बताते हुए लेखकों की सराहना की।
लोक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम के बाद नवागढ़ क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि धनगांव की बेटी आस्था तिवारी की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी और इससे क्षेत्र के युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
यह ई-पुस्तक ‘जीएसटीएटी लिटिगेशन गाइड’ सारस्वत एसोसिएट्स के वेब पोर्टल पर देशभर के पाठकों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है, जिससे अधिवक्ता, कर सलाहकार और विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकेंगे।
