Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत गुजरात पुलिस का स्वागत, सांस्कृतिक व कार्यप्रणाली का हुआ आदान-प्रदान

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 20 मार्च 2026। ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत गुजरात से आए पुलिस जवानों का जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस पहल का उद्देश्य विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक एवं कार्यप्रणाली से जुड़ी समझ को बढ़ाना है।

जानकारी के अनुसार, गुजरात राज्य से 14 पुलिस कर्मी भ्रमण के लिए जांजगीर-चांपा पहुंचे हैं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित कर सभी जवानों से परिचय प्राप्त किया गया तथा उन्हें छत्तीसगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान गुजरात पुलिस के जवानों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं भौगोलिक स्थिति की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें जिले के प्रमुख स्थलों जैसे क्रोकोडायल पार्क कोटमीसोनार, प्रकाश इंडस्ट्रीज चांपा, प्राचीन मंदिर शिवरीनारायण खरौद, पुलिस कार्यालय जांजगीर एवं थाना चांपा का भ्रमण भी कराया गया। इसके अलावा स्थानीय हस्तशिल्प जैसे कोसा एवं कंचन के बारे में भी जानकारी साझा की गई।

इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्यों के बीच आपसी समन्वय, समझ और सहयोग को मजबूत करना है। यह पहल पुलिस बलों को एक-दूसरे की कार्यशैली, संस्कृति और सामाजिक परिवेश को करीब से जानने का अवसर प्रदान करती है।

गुजरात पुलिस के जवानों ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक और लाभकारी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आदान-प्रदान से पुलिस बलों के बीच बेहतर तालमेल और मजबूत संबंध स्थापित होंगे।

Share This Article