छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ जिला इकाई कोरबा ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

0 तहसील कार्यालय रायगढ़ में कार्य अवधि के दौरान नायब तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट के संबंध में कार्यवाही करने की मांग की

कोरबा 14 फरवरी (वेदांत समाचार)।। रायगढ़ जिले के तहसील कार्यालय में घुसकर  नायब तहसीलदार, एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट  विक्रांत राठौर, रीडर राम प्रसाद सिदार एवं भृत्य अखिलेश श्रीवास के साथ अधिवक्ताओं द्वारा दुर्व्यवहार एवं मारपीट की घटना से आक्रोशित इस घटनाक्रम के विरोध में छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ जिला इकाई कोरबा के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर कोरबा को ज्ञापन सौंपा। अपर कलेक्टर  सुनील नायक ने संघ द्वारा सौंपे ज्ञापन को स्वीकार किया। इस दौरान जिला इकाई संघ के अध्यक्ष डिप्टी कलेक्टर भरोसा राम ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर अवध सिंह राणा, संयुक्त कलेक्टर विजेंद्र सिंह पाटले, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ममता यादव, डिप्टी कलेक्टर अरुण खलखो एवं डिप्टी कलेक्टर प्रभाकर पांडे उपस्थित थे।

अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ जिला इकाई कोरबा भरोसा राम ठाकुर ने बताया कि उक्त घटना से छत्तीसगढ़ के सभी राजस्व न्यायालय, शासकीय कार्यालयों में अधिकारी कर्मचारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ ने इस पूरे घटनाक्रम की निंदा करते हुए घटना में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही दोषी अधिवक्ताओं के विरुद्ध लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई तथा शासन स्तर से लंबित कार्यपालिक मजिस्ट्रेटो की संरक्षण हेतु कठोर नियम निर्देश प्रसारित करने की मांग की है। संघ ने छत्तीसगढ़ के समस्त राजस्व न्यायालयों में सुरक्षा के लिए पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है।