कलेक्टर ने नेवारीकला के स्कूल में कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं को पढ़ाया गणित

बालोद 14 फरवरी (वेदांत समाचार)। कलेक्टर महोबे ने आज बालोद विकासखंड के ग्राम नेवारीकला के शासकीय हाईस्कूल और विकासखंड मुख्यालय डौण्डीलोहारा के स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल पहुॅचे। उन्होंने स्कूलों में छात्र-छात्राओं से उनके पाठ्यक्रम के संबंध में चर्चा की और उन्हें पाठ्यक्रम के सभी विषयों को मन लगाकर पढ़ाई करने प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने आगामी परीक्षा के लिए छात्र-छात्राओं को अपनी शुभकामनाएं दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि लगन और मेहनत से पढ़ाई करने पर सफलता अवश्य मिलती है।

कलेक्टर ने नेवारीकला के शासकीय हाईस्कूल में कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं को गणित विषय पढ़ाया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को गणित के कुछ सवाल भी दिए, जिसका छात्र-छात्राओं ने सही हल निकाला। कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं की प्रशंसा की। उन्होंने शिक्षक से कहा कि वे छात्र-छात्राओं को सामान्य गणित के सवाल नियमित रूप से हल करवाएॅ, जिससे उन्हें बोर्ड की परीक्षा में सवाल हल करने में काफी आसानी होगी। कलेक्टर ने शिक्षकों से कहा कि वे स्कूल में कोविड-19 के गाइडलाईन का पालन करते हुए कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करें।