रायपुर, 06 मार्च (वेदांत समाचार)। होली के दौरान नाचने की बात को लेकर हुए विवाद में चाकू से जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपियों को धरसींवा पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो चाकू और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सांकरा निवासी मयंक साहू ने पुलिस चौकी सिलतरा, थाना धरसींवा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 मार्च 2026 को होली के दिन दोपहर करीब 2 बजे वह अपने छोटे भाई शिखर साहू, चचेरे भाई दिपांशु साहू, मोहनिश साहू और गिरीराज साहू के साथ बजरंग चौक में होली खेल रहा था। उसी दौरान गांव का हिम्मत मनहर अपने साथियों लोकेश्वर घृतलहरे, हरीश डहरिया और कोमल मनहर के साथ वहां पहुंचा और सभी लोग नाचने लगे।
नाचते समय आरोपियों द्वारा शिखर साहू के साथ धक्का-मुक्की की गई। शिखर ने उन्हें आराम से नाचने के लिए कहा, जिस पर विवाद शुरू हो गया। बाद में प्रार्थी मयंक साहू ने सभी को समझा-बुझाकर वहां से भेज दिया।
शाम करीब 5 बजे मयंक के चचेरे भाई मोहनिश साहू ने बताया कि हिम्मत मनहर और उसके साथी शिखर साहू के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मयंक मौके पर पहुंचा, जहां चारों आरोपी शिखर साहू के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान हिम्मत मनहर ने पैंट से चाकू निकालकर शिखर पर हमला करने की कोशिश की, जिसे शिखर ने हाथ से पकड़ लिया।
मयंक बीच-बचाव करने लगा तो आरोपियों ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान लोकेश्वर घृतलहरे ने जेब से चाकू निकालकर मयंक पर वार कर दिया। वहीं शिखर साहू को अन्य आरोपी पकड़कर दबोच लिए और लोकेश्वर ने उसके दाहिने सीने में चाकू से वार कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 123/26 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक लम्बोदर पटेल और चौकी प्रभारी सिलतरा उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह कंवर के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में लोकेश्वर उर्फ लुकेश्वर धृतलहरे (18), कोमल बंजारे (19), हिम्मत मनहर (19) और हरीश डहरिया (22) सभी निवासी ग्राम सांकरा थाना धरसींवा जिला रायपुर शामिल हैं।

