Vedant Samachar

ड्यूटी के दौरान शराब पीने और लापरवाही पर प्रधान आरक्षक निलंबित

Vedant Samachar
1 Min Read

जांजगीर-चांपा,06 मार्च (वेदांत समाचार)। कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक Vijay Kumar Pandey ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अकलतरा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना अकलतरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर द्वारा रोजनामचा लेखन का कार्य समय पर नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा ड्यूटी के दौरान उनके द्वारा शराब सेवन किए जाने की भी पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि प्रधान आरक्षक द्वारा लगातार कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरती जा रही थी और अनुशासनहीन आचरण किया जा रहा था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने इसे गंभीरता से लिया और विभागीय अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक को निलंबित कर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। ड्यूटी के दौरान लापरवाही या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article