Vedant Samachar

जेएसडब्ल्यू कंपनी गेट के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद, आरोपी गिरफ्तार…

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़,06 मार्च (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना पुलिस ने जेएसडब्ल्यू कंपनी के गेट के बाहर पार्किंग से चोरी हुई मोटरसाइकिल को बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की है।

मामले की जानकारी के अनुसार ग्राम कुर्रूभाठा निवासी रामराज सिदार (57 वर्ष) ने 4 मार्च को थाना भूपदेवपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 फरवरी 2026 को वह दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक की ड्यूटी के लिए जेएसडब्ल्यू कंपनी गया था। ड्यूटी पर जाने से पहले उसने अपनी मोटरसाइकिल हीरो होंडा फैशन प्लस क्रमांक CG-11 BA 0652 को कंपनी गेट के बाहर पार्किंग में हैंडल लॉक कर खड़ा किया था। रात लगभग 10 बजे ड्यूटी से लौटने पर उसने देखा कि उसकी मोटरसाइकिल पार्किंग से गायब थी। आसपास काफी खोजबीन करने के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद उसने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

रिपोर्ट के आधार पर थाना भूपदेवपुर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 31/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कुर्रूभाठा क्षेत्र में चोरी की गई मोटरसाइकिल देखी गई है।

सूचना के आधार पर थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग और उनकी टीम ने संदेही सुधांशु देहरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल हीरो होंडा फैशन प्लस क्रमांक CG-11 BA 0652, जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये है, बरामद कर ली।

पुलिस ने आरोपी सुधांशु देहरी पिता भूगीलाल देहरी (29 वर्ष), निवासी आमापाली थाना रेंगाली जिला झारसुगुड़ा (ओडिशा), हाल मुकाम नहरपाली थाना भूपदेवपुर जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article