Vedant Samachar

CG BREAKING: इंदिरा स्टेडियम के पास कार में CGMSC के SDO का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Vedant samachar
2 Min Read

CG BREAKING: इंदिरा स्टेडियम के पास कार में CGMSC के SDO का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस : जगदलपुर, 14 फरवरी (वेदांत समाचार)। शहर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब इंदिरा स्टेडियम के पास खड़ी एक ब्रेज़ा कार में एक युवक का शव मिला। सुबह राहगीरों ने कार के भीतर युवक को अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद तुरंत बोधघाट थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार को घेराबंदी कर जांच शुरू की। युवक को बाहर निकालकर परीक्षण किया गया, जहां उसे मृत घोषित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान वृंदावन कॉलोनी निवासी शोभाराम देहारी के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कार्पोरेशन के नियानार कार्यालय में एसडीओ पद पर पदस्थ थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और परिचित भी मौके पर पहुंच गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक रात से कार में ही मौजूद था। पुलिस को शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया मौत का कारण हृदयाघात या अन्य चिकित्सकीय वजह मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Share This Article