रायगढ़,06 मार्च (वेदांत समाचार)। रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने गुरुवार शाम थाना जूटमिल क्षेत्र स्थित “आशा प्रशामक देखभाल गृह” पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें आगामी होली पर्व की शुभकामनाएं दीं।
आश्रम पहुंचने पर सेवा कार्य में लगे युवाओं और आश्रम के स्टाफ ने एसएसपी शशि मोहन सिंह का फूलों से आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनसे आत्मीय संवाद किया।
इस मौके पर डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि रायगढ़ की संस्था “रिहैब फाउंडेशन” द्वारा इस आश्रम का संचालन किया जा रहा है। यह संस्था छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त है। आश्रम का संचालन पिछले कई वर्षों से श्रीमती जस्सी फिलिप्स की देखरेख में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विशेष अवसरों और त्योहारों पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी यहां आकर वृद्धजनों से मुलाकात करते हैं। एसएसपी के आश्रम पहुंचने पर श्रीमती जस्सी फिलिप्स ने उनका आभार भी व्यक्त किया।

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग की सीनियर सिटीजन सेल बुजुर्गों की सुरक्षा, कानूनी सहायता और उनके कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज में कई संस्थाएं वरिष्ठ नागरिकों की सेवा में लगी हुई हैं, लेकिन अपने बुजुर्गों की देखभाल करना हम सभी की पहली जिम्मेदारी है।
एसएसपी ने आश्रम में मौजूद सभी वरिष्ठजनों से आत्मीय बातचीत करते हुए कहा कि यदि उन्हें पुलिस विभाग से किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो तो वे निःसंकोच बताएं। पुलिस विभाग उनकी हर संभव मदद के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।
इस दौरान आश्रम की संचालिका श्रीमती जस्सी फिलिप्स ने एक बुजुर्ग महिला का आधार कार्ड उनके परिजनों द्वारा नहीं दिए जाने की जानकारी दी। इस पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह को संबंधित महिला को जल्द आधार कार्ड दिलाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने यह भी कहा कि रायगढ़ पुलिस आगे भी हर त्योहार समाज के सभी वर्गों के साथ मिलजुल कर मनाएगी। साथ ही उन्होंने जिले में संचालित सीनियर सिटीजन सेल की जानकारी देते हुए बुजुर्गों से किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
इस अवसर पर थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह सहित थाना जूटमिल का स्टाफ भी उपस्थित रहा।

