बिलासपुर,04 मार्च (वेदांत समाचार)। मध्य-पूर्व क्षेत्र में ईरान से जुड़े युद्ध जैसे हालात के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के शेड्यूल पर असर पड़ा है, जिससे दुबई घूमने गए कोटा के तीन युवकों की घर वापसी फिलहाल अनिश्चितता में पड़ गई है। उनकी वापसी की फ्लाइट लगातार रद्द हो रही है।
जानकारी के अनुसार कोटा निवासी शिवम मिश्रा अपने मित्र आकाश और आयुष के साथ दुबई घूमने गए थे। उनकी वापसी की पहली टिकट 28 फरवरी की थी, लेकिन उड़ान निरस्त हो गई। इसके बाद तीन मार्च की नई टिकट बुक की गई, वह भी रद्द कर दी गई। अब युवकों को पांच मार्च की फ्लाइट का टिकट मिला है और वे उसी के सहारे घर लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
शिवम मिश्रा ने फोन पर बताया कि दुबई में हालात सामान्य हैं और यहां किसी प्रकार की असुरक्षा नहीं है। शहर में जनजीवन सामान्य रूप से चल रहा है, पर्यटन स्थल खुले हैं और लोग अपनी दिनचर्या में व्यस्त हैं।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा को लेकर कोई चिंता नहीं है, लेकिन लगातार फ्लाइट रद्द होने से मानसिक दबाव बढ़ गया है। वहीं, परिवार के सदस्य लगातार संपर्क में हैं और युवकों की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं। रोज घर से फोन कर उनके लौटने के बारे में पूछा जा रहा है, ऐसे में उन्हें समझाना पड़ रहा है कि यहां सब ठीक है, बस उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है।
