बिलासपुर,01मार्च (वेदांत समाचार) । साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की मेजबानी में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की कोल इंडिया मेडिकल कॉन्फ्रेंस ‘सिमेकॉन 2026’ का शुभारंभ शनिवार 1 मार्च 2026 को बिलासपुर में हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन कोल इंडिया लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी बृजेश कुमार त्रिपाठी तथा एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने किया। इस दौरान अतिथियों ने सम्मेलन स्मारिका का भी अनावरण किया।
कार्यक्रम में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी – योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सीएमएस डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा, इंदिरा विहार अस्पताल के डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरिहंत जैन सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ चिकित्सकों और अधिकारियों ने भाग लिया।

सम्मेलन में कोल इंडिया और उसकी विभिन्न सहायक कंपनियों से आए 250 से अधिक चिकित्सक शामिल हुए हैं। साथ ही देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टर भी इसमें भाग ले रहे हैं। सम्मेलन के दौरान खनन क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों के व्यावसायिक स्वास्थ्य, गंभीर रोगों की समय पर पहचान, उन्नत चिकित्सा तकनीकों के उपयोग, आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन और डिजिटल स्वास्थ्य निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर विभिन्न विशेषज्ञों ने शोधपत्र प्रस्तुत करते हुए नई उपचार पद्धतियों और प्रभावी स्वास्थ्य प्रबंधन मॉडल पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने “हेल्दी माइन्स” की अवधारणा को साकार करने के लिए आधुनिक, सुदृढ़ और संवेदनशील चिकित्सा तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
आयोजकों के अनुसार, सिमेकॉन 2026 चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान के आदान-प्रदान, समन्वय और नवाचार को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है। एसईसीएल द्वारा सम्मेलन की सफल और सुव्यवस्थित मेजबानी से संगठन की प्रशासनिक क्षमता और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता भी स्पष्ट हुई।
