Vedant Samachar

जिला अस्पताल में सीनियर डॉक्टर पर ट्रेनी डॉक्टर से छेड़छाड़ का आरोप,सिविल लाइन थाना क्षेत्र का मामला, आरोपी डॉक्टर पर धारा 354 के तहत मामला दर्ज

Vedant samachar
2 Min Read
Oplus_16908288

कोरबा,07 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कार्यरत एक ट्रेनी डॉक्टर ने सीनियर डॉक्टर पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि सीनियर डॉक्टर ने बहाने से उसके शरीर को अनुचित रूप से छुआ। घटना के बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, आयुष विंग में पदस्थ सीनियर आयुर्वेदिक डॉक्टर एके मिश्रा पर यह आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ट्रेनी डॉक्टर पिछले तीन माह से इसी विभाग में प्रशिक्षण ले रही है। बताया गया कि यह घटना शनिवार दोपहर की है, जब ट्रेनी डॉक्टर किसी काम से डॉक्टर मिश्रा के स्टाफ रूम में गई थी। उस समय वहां डॉक्टर मिश्रा, ट्रेनी डॉक्टर और एक अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद थे।

पीड़िता का कहना है कि डॉक्टर मिश्रा ने उसे अपने पास बुलाया और कहा— “तुम्हारी तबीयत ठीक नहीं लग रही है, मैं चेकअप कर देता हूं।” जब उसने मना किया, तो सीनियर डॉक्टर ने जबरदस्ती जांच करने की कोशिश की और छेड़छाड़ की।

एएसपी नीतीश ठाकुर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आईपीसी की धारा 354 (महिला से छेड़छाड़) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डीन डॉ. के.के. सहारे ने कहा कि ट्रेनी डॉक्टर की शिकायत पर आंतरिक शिकायत निवारण समिति (Internal Complaint Committee) द्वारा जांच की जाएगी। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article