बिलासपुर : सरेराह बदमाश ने बैंककर्मी महिला से की छेड़छाड़, स्थानीय लोगों ने जमकर पीटा…आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर,11 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले के सिविल लाइन थाना इलाके में सरेराह एक बदमाश ने बैंककर्मी महिला से छेड़छाड़ की है। युवक ने महिला को रोककर जबरदस्ती अपने बाइक में बैठाने की कोशिश की। महिला की चीख पुकार के बाद आसपास के ग्रामीणों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी है। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक घटना गुरुवार शाम राजीव गांधी चौक के पास की है। सिरगिट्‌टी थाना क्षेत्र रहने वाली महिला व्यापार विहार स्थित बैंक में काम करती हैं। वह ड्यूटी से निकलकर नेहरू चौक से राजीव गांधी चौक तरफ जा रही थी। तभी स्वाधिन नाथ चौधरी नाम का युवक उसका पीछा करते हुए गांधी चौक तक पहुंच गया। युवक ने उसकी स्कूटी के सामने बाइक अड़ा दी और छेड़खानी करने लगा। फिर हाथ खींचकर बाइक में बैठाने लगा। महिला के चिल्लाने और मना करने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान उसकी जमकर पिटाई कर दी और पुलिस को बुला लिया।

घटना के बाद रोती हुई महिला सिविल लाइन थाने पहुंच गई। उन्होंने बताया कि युवक तीन साल से परेशान कर रहा है। उसके पति ने भी उसे मना किया है और परेशान नहीं करने का आग्रह किया। इसके बाद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। उसके खिलाफ महिला पहले भी थाने में रिपोर्ट दर्ज करा चुकी है। अब महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।