Vedant Samachar

रायपुर में नशे में वाहन चलाने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 154 चालक पकड़े गए, 15.40 लाख जुर्माना वसूला जाएगा

Vedant samachar
3 Min Read

रायपुर, 28 फरवरी (वेदांत समाचार)। होली पर्व से पहले सड़क हादसों पर नियंत्रण और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ रायपुर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। रात्रि में तीन घंटे तक चले सघन जांच अभियान में शराब के नशे में वाहन चला रहे 154 चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों को जब्त किया गया। इन मामलों में न्यायालय के माध्यम से करीब 15 लाख 40 हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूल की जाएगी।

पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला तथा दौलत राम पोर्ते के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्तों और यातायात थाना प्रभारियों की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर चेकिंग अभियान चलाया। तेलीबांधा थाना के सामने, भाठागांव चौक, जयस्तंभ चौक, फाफाडीह चौक, खमतराई थाना के सामने, टाटीबंध चौक, पचपेड़ीनाका चौक और पंडरी थाना के सामने स्टॉपर लगाकर चेकिंग पाइंट बनाए गए। रात 10 बजे से रात 1 बजे तक ब्रीथ एनालाइजर मशीन की सहायता से वाहन चालकों की जांच की गई।

जांच के दौरान 154 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने इनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर यातायात मुख्यालय और संबंधित यातायात थानों में सुरक्षित रखा है। जब्त किए गए वाहनों में 64 कार, 65 मोटरसाइकिल, 8 ट्रक, 12 टाटा एस पिकअप, 1 बोलेरो, 2 माजदा, 1 ट्रैक्टर और 1 ई-रिक्शा शामिल हैं। सभी प्रकरणों को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां नशे में वाहन चलाने पर प्रति प्रकरण न्यूनतम 10 हजार रुपये तक का अर्थदंड लगाया जाता है।

यातायात पुलिस के अनुसार, शहर में रात के समय शराब के नशे में तेज गति से वाहन चलाने के कारण डिवाइडर और अन्य वाहनों से टकराने जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इन्हीं दुर्घटनाओं को रोकने और होली पर्व के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश और यातायात विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में आगामी दिनों में भी शहर के विभिन्न स्थानों पर विशेषकर रात के समय स्थान बदल-बदलकर जांच अभियान चलाया जाएगा और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे शराब या अन्य नशे की हालत में वाहन न चलाएं और सड़क पर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें। नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article