[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

कोरबा:करतला श्रमजीवी पत्रकार संघ की बैठक सम्पन्न

नव निर्वाचित सचिव आमीन सिद्दीकी और उपाध्यक्ष श्याम कंवर, संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

करतला। श्रमजीवी पत्रकार संघ करतला ब्लॉक की बैठक रविवार को स्थानीय कार्यालय में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक की शुरुआत में संघ के पत्रकार साथियों ने दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार महेंद्र गिरी को श्रद्धांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा और उनके योगदान को स्मरण किया।

इस अवसर पर संघ के संरक्षक घासी गिरी गोस्वामी एवं बलराम वैष्णव की विशेष उपस्थिति रही। बैठक में सर्वसम्मति से आमीन सिद्दीकी को ब्लॉक सचिव और श्याम कंवर को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। संगठन के विस्तार और पारदर्शी संचालन हेतु सदस्यता एवं नवीनीकरण शुल्क 100 रुपये तय किया गया, जिसे उपस्थित पत्रकार साथियों ने तुरंत जमा कर उदाहरण प्रस्तुत किया।

बैठक में पत्रकारिता से जुड़ी चुनौतियों, पत्रकार सुरक्षा, क्षेत्रीय समस्याओं एवं संगठन की भविष्य की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही तय किया गया कि समय-समय पर कार्यशालाओं और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन कर पत्रकारों की पेशेवर क्षमता और जागरूकता को और मजबूत किया जाएगा।

संरक्षक घासी गिरी गोस्वामी ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होता है। निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता ही लोकतंत्र की रीढ़ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि संगठन की मजबूती से पत्रकारों की आवाज और बुलंद होगी तथा उनके अधिकारों की रक्षा संभव होगी।

संरक्षक बलराम वैष्णव ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता आज के समय में अनेक चुनौतियों से गुजर रही है। ऐसे दौर में संगठन ही पत्रकारों की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी साथियों से मिलजुलकर कार्य करने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

अध्यक्ष राजु खत्री ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पत्रकारों को एकजुट करना ही नहीं है, बल्कि उनके अधिकारों की रक्षा करना और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता तभी कायम रह सकती है, जब पत्रकार अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्पक्षता और जिम्मेदारी से करें।

बैठक के अंत में तय किया गया कि आगामी दिनों में ब्लॉक स्तर पर पत्रकारिता से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम, जनहित से संबंधित विषयों पर चर्चा और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े अभियान चलाए जाएंगे। संगठन ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन नवनियुक्त सचिव आमीन सिद्दीकी ने किया। बैठक में दर्जनों पत्रकारों की उपस्थिति रही, जिन्होंने संगठन की मजबूती के लिए संकल्प लिया।

[metaslider id="133"]