बढ़ते मिड साइज एसयूवी सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से रेनॉल्ट, निसान, टाटा और टोयोटा जैसी कंपनियों ने आने वाले महीनों में कई नए प्रोडक्शन लॉन्च करने की योजना बनाई है, जिनमें ICE और इलेक्ट्रिक दोनों तरह के वाहन शामिल हैं. ऐसे में आज हम आपको इस खबर के माध्यम से हुंडई क्रेटा के मुकाबले में आने वाली गाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं. जिनको आप क्रेटा के बजाए भी खरीद सकते हैं.
रेनॉ डस्टर
नई जनरेशन की रेनॉ डस्टर भारत में 17 मार्च से बिक्री के लिए उपलब्ध होगी और इसकी डिलीवरी अप्रैल 2026 से शुरू होगी. अपने पुराने मॉडल की तुलना में, ये नया मॉडल ज्यादा दमदार और आधुनिक दिखता है, जिसमें प्रीमियम इंटीरियर तकनीक और पावरफुल इंजन दिए गए हैं. हालांकि, इसमें ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) सिस्टम नहीं है. इंजन ऑप्शन में 1.0 लीटर और 1.3 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन शामिल हैं, जो लगभग 100 पीएस और 163 पीएस की पावर जनरेट करते हैं.
स्कोडा कुशाक फेसलिफ्ट
नई स्कोडा कुशाक 2026 फेसलिफ्ट मार्च में लॉन्च होने वाली है. एसयूवी में बेहतर स्टाइलिंग, ज्यादा प्रीमियम इंटीरियर और नया 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है. ये नया ट्रांसमिशन केवल 115bhp, 1.0L टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ ही उपलब्ध होगा. 150bhp, 1.5L टर्बो पेट्रोल इंजन का ऑप्शन पहले की तरह ही उपलब्ध रहेगा.
निसान टेक्टन
निसान टेक्टन असल में नई रेनॉल्ट डस्टर का ही नया वेरिएंट है, जिसमें अलग डिजाइन का इस्तेमाल किया गया है. इसका प्लेटफॉर्म, इंटीरियर, फीचर्स और इंजन डस्टर से ही लिए गए हैं. हालांकि इसकी आधिकारिक लॉन्च तिथि अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद है कि ये एसयूवी जून 2026 तक शोरूम में आ जाएगी. आधिकारिक टीजर से पता चलता है कि टेक्टन में कनेक्टेड एलईडी डीआरएल के साथ एलईडी हैडलाइट्स, कनेक्टेड एलईडी टेललाइट्स और बोनट व टेलगेट पर टेक्टन की ब्रांडिंग होगी.
फॉक्सवैगन ताइगुन फेसलिफ्ट
2026 फॉक्सवैगन ताइगुन फेसलिफ्ट में मामूली डिजाइन बदलाव और कुछ नए फीचर्स मिलने की संभावना है, जबकि मौजूदा इंजन विकल्प बरकरार रहेंगे. इसके अधिकांश डिज़ाइन अपडेट फॉक्सवैगन आईडी 4 इलेक्ट्रिक एसयूवी से प्रेरित होंगे. अपडेटेड कुशाक की तरह, नई ताइगुन में भी नया डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ और मसाज फंक्शन वाली रियर सीटें मिलने की उम्मीद है.
