भारत में इलेक्ट्रिक कारों की मांग तेजी से बढ़ रही है. इस बीच कोरियाई कार कंपनी किआ मोटर्स देश में एक किफायती और अपनी सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. किआ ने अप्रैल में भारत में अपनी लॉन्ग टर्म स्ट्रेटजी का खुलासा किया था. किआ मोटर्स का प्लान भारत में 2030 तक 10 नए मॉडल लॉन्च करना है. खास बात है कि 10 में से 8 मॉडल इलेक्ट्रिक या हाइब्रिड होंगे. किआ का टारगेट देश में 4 लाख यूनिट सालाना बिक्री के आंकड़े तक पहुंचना है.
किआ ने अपने इन्वेस्टर-डे 2026 के मौके पर कन्फर्म किया था कि वह अपनी सबसे छोटी कार किआ सिरोस का ईवी वर्जन लॉन्च करेगी. इसके अलावा थ्री रो हाइब्रिड SUV किआ सोरेंटो और कार्निवल हाइब्रिड MPV लॉन्च की जाएगी. बात की जाए किआ सिरोस की तो यह कंपनी सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कार होगी. हालांकि कंपनी ने लॉन्च डेट का खुलासा तो नहीं किया है, लेकिन कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यह अगस्त 2026 में लॉन्च की जाएगी.
कितनी होगी किआ सिरोस ईवी की कीमत?
किआ सिरोस लॉन्च होने पर भारतीय बाजार में टाटा नेक्सॉन ईवी और महिंद्रा XUV 3XO EV को टक्कर देगी. नेक्सॉन ईवी की कीमत 12.49 लाख रुपए एक्स-शोरूम से लेकर 17.49 लाख रुपए एक्स-शोरूम तक है, जबकि 3XO EV की कीमत 13.89 लाख रुपए एक्स-शोरूम से लेकर 14.96 लाख रुपए एक्स-शोरूम तक है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि किआ सिरोस ईवी की कीमत भी इसके ही आसपास रह सकती है. अनुमान है कि सिरोस ईवी की कीमत करीब 15 लाख रुपए से शुरू हो सकती है, जो टॉप मॉडल के लिए 20 लाख रुपए एक्स-शोरूम तक जा सकती है.
रेंज और बैटरी
किआ मोटर्स ने अब तक सिरोस ईवी के स्पेसिफिकेशन का खुलासा नहीं किया है, लेकिन दावा किया जा रहा है कि इस इलेक्ट्रिक कार में दो बैटरी के ऑप्शन मिल सकते हैं. पहला इसमें 42kWh और दूसरा 49kWh का बैटरी सेट हो सकता है. यह वही पावरट्रेन है, जो हुंडई की आने वाली इंस्टर ईवी में भी देखने को मिल सकता है. दावा है कि यह कार एक बार फुल चार्ज करने पर करीब 370 km तक आराम से चल सकती है. हालांकि, रेंज और बैटरी के सटीक आंकड़े लॉन्च होने पर ही सामने आएंगे.

