Vedant Samachar

Accident News:मनेंद्रगढ़ और कोरबा में एक्सीडेंट, 5 लोगों की मौत…

Vedant Samachar
3 Min Read

रायपुर,24फरवरी (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 3 युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। मामला केल्हारी थाना क्षेत्र का है। वहीं, कोरबा जिले में नेशनल हाईवे पर कोयले से लदे ट्रेलर और सीमेंट से भरे ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में ट्रक की केबिन में फंसे ड्राइवर और हेल्पर की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र की है। पहली घटना मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक से केल्हारी की ओर जा रहे थे। धनुहर नाले के पास पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने फौरन घटना की जानकारी पुलिस की दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

केल्हारी थाना प्रभारी मनीष ध्रुवे ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश के लिए जांच तेज कर दी गई है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। दूसरी घटना कोरबा के मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र की है। दरअसल, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे केंदई झरना के पास कोयले से लदे ट्रेलर और सीमेंट से भरे ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिसके बाद दोनों वाहनों में आग भड़क उठी। जिसमें ट्रक ड्राइवर और हेल्पर की जिंदा जलने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, कोयला लोड ट्रेलर कोरबा से आ रहा था।

सीमेंट से भरा ट्रक अंबिकापुर की तरफ से आ रहा था। दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी। मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कोयला लदे ट्रेलर का चालक वाहन से कूदकर बाहर निकल गया। जबकि सीमेंट ट्रक का ड्राइर और हेल्पर केबिन में फंस गए। इस दौरान आग तेजी से फैल गई और दोनों चपेट में आ गए। इधर, घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल वाहन कटघोरा से आता है, इसलिए घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हो गई।

Share This Article