Vedant Samachar

भोजनवृत्ति राशि नहीं आने का जताया विरोध ITI कॉलेज में NSUI सदस्यों व छात्रों ने लगाए नारे, डेढ़ साल से नहीं आ सकी राशि…

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़,23फरवरी (वेदांत समाचार)। रायगढ़ में ITI कॉलेज के हॉस्टल के छात्रों को भोजनवृत्ति की राशि नहीं मिल पा रही है। जिसके कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में NSUI के साथ छात्रों ने इसका विरोध किया और कॉलेज के सामने नारेबाजी की। साथ ही प्राचार्य को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए आवेदन सौंपा। सोमवार की दोपहर में NSUI व ITI के छात्र कॉलेज पहुंचे। जहां उन्होंने पिछले डेढ़ साल से हॉस्टल के छात्रों को भोजनवृत्ति नहीं मिल पाने से अपना विरोध जताया। प्राचार्य कक्ष के सामने जमीन पर बैठकर NSUI के सदस्यों ने जमकर नारेबाजी भी की। उन्होंने बताया कि आईटीआई में पढ़ने वाले तकरीबन 60 से अधिक छात्र हॉस्टल में रहते हैं।

इन्हें केन्द्र सरकार से प्रतिमाह लगभग 12 सौ रुपए मिलता है, लेकिन पिछले तकरीबन डेढ़ साल से कुछ भी नहीं मिला। ऐसे में हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्राचार्य को सौंपे गए आवेदन में बताया कि सत्र 2023-25 के छात्रों की भोजनवृत्ति का भुगतान लंबे समय से लंबित है। यह कुल राशि लगभग 3 लाख रुपये है, जिसका भुगतान अब तक शासन-संस्थान द्वारा नहीं किया गया है। अपने आवेदन में छात्रों ने बताया कि अधिकांश छात्र आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं और भोजनवृत्ति की राशि नहीं आने से कई तरह की समस्याएं आ रही है। इस दौरान आईटीआई कॉलेज अध्यक्ष कुलदीप सिदार, NSUI जिला सचिव गौरव साव, आदेश कश्यप, बलराम गोड़, संदीप पटेल समेत अन्य सदस्या मौजूद थे।

समस्या का समाधान नहीं होने पर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन
NSUI के जिला सचिव गौरव साव ने बताया कि प्राचार्य को आवेदन दिया गया है। जिस पर उन्होंने समस्या का निराकरण करने बात कही है। छात्र नेता ने बताया कि सप्ताह भर में अगर छात्रों को उनका भोजनवृत्ति नहीं मिल पाता है, तो कलेक्ट्रेट में छात्रों की मांगो को रखते हुए विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। छात्रों ने भोजनवृत्ति की 3 लाख की राशि का भुगतान फरवरी माह के भीतर छात्रों के खातों में किया जाने की मांग की है।

Share This Article