नई दिल्ली,13 मई : IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स ने 11 मुकाबले खेल लिए लेकिन सवाल ये है कि धोनी कब खेलेंगे? फिलहाल तो धोनी इंजरी के चलते टीम से बाहर हैं. लेकिन, अब उन्हें लेकर जो अपडेट सामने आया है, उसके बाद सवाल उठता है कि क्या धोनी लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अगला मैच खेलेंगे? वैसे एक अपडेट हार्दिक पंड्या को लेकर भी है. उनके बारे में पक्की खबर है कि वो मुंबई इंडियंस के साथ धर्मशाला नहीं पहुंचे हैं, जहां 14 मई को इस टीम को पंजाब किंग्स की चुनौती का सामना करना है.
टीम के साथ लखनऊ जा सकते हैं धोनी
CSK के कैंप से खबर है कि एमएस धोनी, टीम के साथ लखनऊ जा सकते हैं. धोनी जिनकी पिंडली में चोट है उन्होंने अभी तक एक भी मुकाबला इस सीजन नहीं खेला है. CSK के घर से बाहर के मैचों में भी उन्होंने अभी तक सिर्फ 2 बार ही टीम के साथ ट्रेवल किया. एक बार वो हैदराबाद गए और दूसरी बार मुंबई. अब उनके लखनऊ जाने की खबर सामने आ रही है.
CSK के CEO ने दिया बड़ा अपडेट
क्रिकबज ने CSK के CEO काशी विश्वनाथन के हवाले से लिखा कि लखनऊ जाने के लिए कुल 60 लोगों के टिकट इंडिगो की कॉमर्शियल फ्लाइट में बुक कराए हैं, जिसमें एक टिकट धोनी का भी हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि धोनी लखनऊ जा सकते हैं, जहां CSK को मेजबान टीम के साथ 15 मई को मुकाबला खेलना है.
हार्दिक पंड्या को लेकर खबर पक्की है!
हार्दिक पंड्या को लेकर खबर पक्की है कि वो मुंबई इंडियंस के साथ धर्मशाला नहीं गए हैं. पंड्या को बैक स्पाज्म हुआ है, जिसके चलते वो पिछले दो मैचों से बाहर हैं. अब उनके टीम के साथ धर्मशाला नहीं पहुंचने का मतलब है कि वो वहां 14 मई को होने वाले पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले से भी बाहर रह सकते हैं. हालांकि, इस बीच इंजरी के बाद पहली बार उनकी बल्लेबाजी प्रैक्टिस की तस्वीरें सामने आई है. वहीं इस बात से भी इनकार नहीं किया गया है कि वो धर्मशाला नहीं पहुंच सकते. लेकिन, क्या हार्दिक खेलेंगे? पिछले मैच के दौरान भी हार्दिक टीम के साथ रायपुर नहीं गए थे. उन्होंने लेट टीम को जॉइन किया था. मगर मुकाबला नहीं खेले थे.
मुंबई इंडियंस ने IPL 2026 में अब तक खेले 11 मुकाबलों में सिर्फ 3 ही जीते हैं. इस खराब प्रदर्शन के साथ वो पॉइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर तो है ही साथ ही प्लेऑफ की दौड़ से भी बाहर हो चुकी है.

