Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा में होली से पहले सख्ती, 4.774 किलो गांजा के साथ जिला बदर बदमाश गिरफ्तार

Vedant samachar
2 Min Read
Oplus_16908288

जांजगीर चांपा, 21 फरवरी (वेदांत समाचार)। होली पर्व की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने आदतन गुंडा एवं निगरानी बदमाशों के विरुद्ध सख्त अभियान शुरू कर दिया है। जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में बम्हनीडीह क्षेत्र में पुलिस ने एक जिला बदर बदमाश को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय के निर्देशन में होली के मद्देनज़र विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आदतन बदमाश रजत उर्फ गोलू दीवान अवैध मादक पदार्थ गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है।

सूचना के आधार पर डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा के नेतृत्व में थाना बम्हनीडीह एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बम्हनीडीह-बिर्रा मेन रोड स्थित चारपारा रोड पर घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी रजत दीवान उर्फ गोलू (31 वर्ष), पिता हरिहर दीवान, निवासी बम्हनीडीह को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.774 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन गुंडा बदमाश है और उसके विरुद्ध पूर्व में भी कार्रवाई हो चुकी है। वर्तमान में उसके खिलाफ एक वर्ष के लिए जिला बदर की कार्यवाही भी की जा चुकी है। बरामदगी के बाद आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई कर 21 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में साइबर सेल से निरीक्षक सागर पाठक सहित अन्य अधिकारियों एवं थाना बम्हनीडीह स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी है कि वे गैरकानूनी गतिविधियों एवं शांति भंग करने वाले कृत्यों से दूर रहें, अन्यथा कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article