रायपुर, 19 फरवरी (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्मा चौक स्थित संगीता पेट्रोल पंप में लापरवाही के चलते आग लगने की घटना सामने आई है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल और लाइटर जप्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 फरवरी 2026 की शाम लगभग 7:40 बजे दो युवक मोटरसाइकिल से पेट्रोल भरवाने संगीता पेट्रोल पंप पहुंचे थे। पेट्रोल पंप कर्मचारी मोटरसाइकिल में पेट्रोल भर रहा था, इसी दौरान पीछे बैठा युवक नीचे उतरकर सिगरेट पीने के लिए लाइटर से सिगरेट जलाने लगा। पेट्रोल पंप कर्मी द्वारा मना किए जाने के बावजूद युवक ने लापरवाही दिखाते हुए पेट्रोल डाले जाने के दौरान ही जलता हुआ लाइटर मोटरसाइकिल की टंकी की ओर कर दिया, जिससे अचानक आग भड़क उठी।
आग मोटरसाइकिल की टंकी और पेट्रोल मशीन के नोजल तक फैल गई। हालांकि पेट्रोल पंप कर्मी की सतर्कता और तत्परता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के संबंध में पेट्रोल पंप कर्मी की रिपोर्ट पर थाना उरला में अपराध क्रमांक 53/26 के तहत धारा 326(छ), 287 और 125 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान धर्मेन्द्र सिंह क्षत्रिय (21 वर्ष), निवासी रावा मंदिर तुलसी च्वाईस सेंटर के पास बीरगांव, थाना उरला रायपुर तथा ईमरान कुरैशी (21 वर्ष), निवासी मकान नंबर 205 एएचपी कॉलोनी उरला, थाना उरला रायपुर के रूप में की। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लाइटर जप्त कर लिया है।
पुलिस द्वारा मामले की आगे की विवेचना की जा रही है।
