Vedant Samachar

छत्तीसगढ़ के धमतरी में मधुमक्खियों का हमला, छात्र सहित 5 घायल; एक ICU में भर्ती

Vedant samachar
2 Min Read

धमतरी, 19 फरवरी (वेदांत समाचार)। शहर से लगे रुद्री रोड स्थित दुलारी नगर के पास गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक राहगीरों पर हमला कर दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते सड़क पर चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

हमले में एक छात्र सहित कुल 5 लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे किसी पेड़ या भवन में मधुमक्खियों का छत्ता था। अचानक किसी कारण से मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और वहां से गुजर रहे लोगों पर टूट पड़ीं। कुछ लोग बाइक और स्कूटी से जा रहे थे, जबकि कई पैदल राहगीर भी इसकी चपेट में आ गए। बचाव के लिए लोग आसपास की दुकानों और घरों में शरण लेते नजर आए।

घटना में रुद्री निवासी 45 वर्षीय यशवंत सिदार गंभीर रूप से घायल हो गए। पास से गुजर रही एक स्कूटी सवार महिला ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल ओजस्वी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर होने के कारण ICU में भर्ती किया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में लगे मधुमक्खी के छत्तों को सुरक्षित तरीके से हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Share This Article