Vedant Samachar

हाईवे जाम कर कार की बोनट पर केक काटा युवकों ने किया बर्थडे सेलिब्रेशन, जमकर आतिशबाजी भी की, एम्बुलेंस समेत कई गाड़ियां फंसी रही

Vedant Samachar
5 Min Read

सरगुजा ,19 फरवरी(वेदांत समाचार)। सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर कुछ युवकों ने हाईवे जाम कर जन्मदिन का जश्न मनाया। अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर उन्होंने जमकर आतिशबाजी की। इसके बाद कार की बोनट पर केक काटकर बर्थडे सेलिब्रेशन किया गया। इस दौरान करीब 1 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। एम्बुलेंस सहित कई गाड़ियां फंसी रही। सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है। बता दें कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सड़कों पर बर्थडे सेलिब्रेशन और यातायात बाधित करने के मामलों में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद युवकों ने स्टेट हाईवे पर आतिशबाजी कर जन्मदिन मनाया।

पढ़िए सिलसिलेवार पूरी कहानी

जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो 16 फरवरी की रात का है। अंबिकापुर के कुछ युवक चठिरमा सीमा क्षेत्र में सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर बने बैरियर के पास स्थित एक ढाबे में बर्थडे पार्टी मनाने पहुंचे थे। युवकों ने पहले ढाबे में पार्टी की और इसके बाद हाईवे पर आकर सड़क जाम कर दिया।

अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर चारपहिया वाहन खड़े कर दोनों ओर से सड़क बंद कर दी। फिर जमकर आतिशबाजी की गई और कार की बोनट पर केक काटा गया। इससे हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। कई गाड़ियां जाम में फंसी रही। हालांकि, सेलिब्रेशन खत्म होने बाद यातायात बहाल हुई।

एम्बुलेंस भी जाम में फंसी

वीडियो में एक एम्बुलेंस भी जाम में फंसी हुई दिखाई दे रही है। हालांकि, एम्बुलेंस में मरीज मौजूद था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इधऱ, सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद उसे डिलीट कर दिया गया।

युवकों की पहचान स्पष्ट नहीं

बताया जा रहा है कि सड़क जाम कर बर्थडे मनाने वाले युवक अंबिकापुर के हैं। फिलहाल, उनके संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि, वीडियो में युवकों के चेहरे नजर आ रहे हैं। जिनकी पहचान की जा रही है।

इन धाराओं के तहत की गई कार्रवाई

इस मामले में लटोरी पुलिस चौकी में आरोपियों के खिलाफ धारा 285, 126(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। चौकी प्रभारी अरूण गुप्ता ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। वीडियो के आधार पर 5 से 7 युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

अब पढ़िए स्टंटबाजी और केक काटने पर हाईकोर्ट में क्या क्या हुआ ?

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्टंटबाजी, बर्थ-डे सेलिब्रेशन और केक कटिंग के इन मामलों पर स्वत: संज्ञान लेकर राज्य शासन से जवाब मांगा था। हाईकोर्ट की नाराजगी के बाद शासन की ओर से जवाब प्रस्तुत करते हुए कहा गया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया और स्टंट में शामिल गाड़ियों को जब्त किया है। इसके साथ ही कार मालिकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफ़ारिश भी की गई। यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा के नजरिए से की गई ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। ऐसे मामलों में गाड़ियों के मालिकों की पहचान करने के साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

हाईकोर्ट की चेतावनी- युवाओं को मिले सख्त सजा

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी करने वाले युवाओं को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि यह दूसरों के लिए सबक बने। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने कहा था कि पुलिस का प्रकोप अक्सर केवल गरीब, मध्यम वर्ग और दलितों पर पड़ता है। कोर्ट ने कहा था कि संपन्न और बाहुबलियों के खिलाफ पुलिस नख-दंतहीन बाघ बन जाती हैं। ऐसे लोग मामूली जुर्माना भरकर आसानी से छोड़ दिए जाते हैं और उनके वाहन भी वापस कर दिए जाते हैं।

Share This Article