कोरबा, 18 फरवरी (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) योजना के अंतर्गत संचालित “कोड सेतु” कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने नवाचार और तकनीक पर आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस पहल के माध्यम से स्कूली छात्रों को कोडिंग और डिजिटल तकनीक की व्यवहारिक शिक्षा प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय कटघोरा के विद्यार्थियों को तकनीकी विशेषज्ञों और सहयोगी संस्थाओं के मार्गदर्शन में कोडिंग, सॉफ्टवेयर डिजाइन और डिजिटल मॉडल विकसित करने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद विद्यालय परिसर में आयोजित प्रस्तुति कार्यक्रम में छात्रों ने अपने तैयार प्रोजेक्ट और सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन का प्रदर्शन किया।

छात्रों द्वारा प्रस्तुत प्रमुख प्रोजेक्ट्स में ऑटोमेटिक रेन सिस्टम, ऑटोमेटिक पार्किंग एरिया और स्टेप काउंटर जैसे उपयोगी मॉडल शामिल रहे। इन मॉडलों के जरिए विद्यार्थियों ने न केवल अपनी तकनीकी समझ बल्कि रचनात्मकता और समस्या समाधान क्षमता भी प्रदर्शित की।
कार्यक्रम में एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के अधिकारियों की उपस्थिति रही। आयोजन का संचालन कोडिंग कार्यक्रम से जुड़े प्रतिनिधियों द्वारा किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम ग्रामीण और अर्द्धशहरी क्षेत्रों के छात्रों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
“कोड सेतु” पहल को डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है। इससे यह भी साबित हुआ है कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थी भी तकनीकी क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
