नई दिल्ली ,18 फरवरी। दिग्गज अमेरिकी चिप निर्माता Qualcomm ने भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए 150 मिलियन डॉलर के निवेश का ऐलान किया है। कंपनी का लक्ष्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सहित उभरती तकनीकों के क्षेत्र में नवाचार को गति देना है।
क्वालकॉम ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि यह निवेश उसके नए स्ट्रेटेजिक एआई वेंचर फंड के माध्यम से किया जाएगा। कंपनी ऑटोमोटिव, एआई, आईओटी, रोबोटिक्स और मोबाइल टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे भारतीय स्टार्टअप्स को समर्थन देगी।
क्वालकॉम के प्रेसिडेंट और सीईओ Cristiano Amon ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक नए दौर में प्रवेश कर रही है, जहां इंटेलिजेंस सीधे स्मार्टफोन, पीसी, कारों, औद्योगिक मशीनों और रोबोट जैसे उपकरणों में समाहित होगी। इससे उपयोगकर्ताओं को अधिक समृद्ध और सार्थक अनुभव मिलेंगे और उद्योगों में व्यापक बदलाव आएगा।
उन्होंने कहा कि भारत में एआई नवाचार को बढ़ावा देने में स्टार्टअप इकोसिस्टम की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। यह वेंचर फंड भारत के तकनीकी परिदृश्य के प्रति क्वालकॉम की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कंपनी ने बताया कि वह 2007 से भारत के स्टार्टअप समुदाय में निवेश कर रही है और अब तक 40 से अधिक कंपनियों का समर्थन कर चुकी है। इनमें MapmyIndia और ideaForge जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल हैं।
क्वालकॉम का उद्देश्य उभरती कंपनियों को बाजार में अग्रणी समाधान विकसित करने में मदद करना है। इसके लिए कंपनी संस्थापकों को अपनी तकनीकी विशेषज्ञता और वैश्विक नेटवर्क तक पहुंच प्रदान करेगी, जिससे भारत में एआई आधारित नवाचार को नई दिशा मिल सके।
