Vedant Samachar

प्रवासियों पर गोली चलाने वालों का मोगा में एनकाउंटर पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक शूटर घायल

Vedant Samachar
2 Min Read

मोगा,15 फरवरी : मोगा पुलिस ने 10 फरवरी को दो प्रवासियों पर गोली चलाने वाले दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरे आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई मोगा पुलिस और सीआईए स्टाफ ने मिलकर की। 10 फरवरी को मोगा जिले में दो प्रवासी मजदूरों को गोली मार दी गई थी। बिहार से आए ये दोनों मजदूर मोगा की एक फैक्ट्री में काम करते हैं और गोली लगने से घायल हो गए थे।

इस घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 10 फरवरी की घटना के बाद से ही पुलिस इन आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि आरोपी घल्ल कलां इलाके में मौजूद हैं। जब पुलिस टीम उन्हें पकड़ने पहुंची, तो आरोपियों ने रुकने के बजाय पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी, जिसकी पहचान जोबनप्रीत के रूप में हुई है, की टांग में गोली लगी और वह घायल हो गया। दूसरा आरोपी आकाशदीप भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया मोटरसाइकिल और हथियार भी बरामद कर लिया है।

विदेशी हैंडलर के इशारे में पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, इन्हीं दोनों आरोपियों ने प्रवासियों पर फायरिंग की थी। वे विदेशी हैंडलर के इशारे पर पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे। दोनों आरोपियों को काबू कर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Share This Article