Vedant Samachar

WI vs ENG: पहले रदरफोर्ड के 7 छक्के, फिर 72 गेंदों का घातक स्पैल, वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को बुरी तरह हराया

Vedant Samachar
4 Min Read

नई दिल्ली,12फरवरी : दो-दो बार की 2 पूर्व चैंपियन के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में जैसा रोमांच देखने की उम्मीद थी, वो नहीं हो दिखा. टूर्नामेंट में जीत के साथ जोरदार शुरुआत करने वाली वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में हुई टक्कर लगभग एकतरफा साबित हुई, जिसमें शे होप की कप्तानी वाली विंडीज ने 30 रन से जीत दर्ज कर ली. शरफेन रदरफोर्ड की 7 छक्कों वाली विस्फोटक पारी के बाद स्पिनर्स के 72 गेंदों वाले स्पैल के दम पर वेस्टइंडीज ने लगातार दूसरा मैच अपने नाम कर लिया.

करीब 10 साल पहले भारत में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में भी इन दोनों टीम की टक्कर हुई थी. टी20 वर्ल्ड कप 2016 में तब इंग्लैंड और वेस्टइंडीज सीधे फाइनल में टकराए थे, जहां हैरतअंगेज अंदाज में आखिरी ओवर में लगातार 4 छक्कों के दम पर वेस्टइंडीज ने मैच के साथ खिताब जीता था. एक बार फिर भारतीय जमीन पर इन दोनों टीम की टक्कर में कैरेबियन टीम ही हावी हुई और उसने आसान जीत दर्ज की.

रदरफोर्ड-होल्डर ने मचाया तहलका
इस मैच में पहले बल्लेबाजी कर रही वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 196 रन बनाए थे. उसकी शुरुआत हालांकि खराब रही थी और सिर्फ 1.1 ओवर में ही दोनों ओपनर पवेलियन लौट गए थे. मगर इसके बावजूद शिमरॉन हेटमायर (23) और रॉस्टन चेज (34) ने पारी को संभाला. मगर असली कमाल तो बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज शरफेन रदरफोर्ड ने किया.

पिछले कुछ महीनों से विस्फोटक लय में चल रहे रदरफोर्ड ने सिर्फ 42 गेंदों में नाबाद 76 रन कूट दिए, जिसमें 7 छक्के और 2 चौके शामिल थे. उनका बेहतरीन साथ दिया जेसन होल्डर ने, जिनके बल्ले से आखिरी ओवरों में सिर्फ 17 गेंदों में 33 रन (4 छक्के) फूटे. इंग्लैंड के लिए दिग्गज स्पिनर आदिल रशीद ने सिर्फ 16 रन देकर 2 विकेट लिए.

विंडीज स्पिनर्स के आगे इंग्लैंड का सरेंडर
वेस्टइंडीज के उलट इंग्लैंड का आगाज तो धमाकेदार रहा लेकिन अंजाम तक पहुंचते-पहुंचते गाड़ी पटरी से उतर गई और 19 ओवर में टीम 166 रन पर ढेर हो गई. उसके लिए फिल सॉल्ट ने सिर्फ 14 गेंदों में 30 रन कूटकर जोरदार शुरुआत की थी. फिर जॉस बटलर (21) और जैकब बैथेल (33) ने भी तेज बल्लेबाजी से टीम को पावरप्ले में ही 70 रन के पार पहुंचा दिया. मगर यहां से वेस्टइंडीज की स्पिन तिकड़ी ने अपना जाल बिछाया और एक-एक कर इंग्लिश बल्लेबाज फंसते चले गए.

रॉस्टन चेज (2/29), अकील होसैन (1/32) और गुडकेश मोती (3/33) ने मिलकर 12 ओवर यानि 72 गेंदों का स्पैल किया, जिसमें उन्होंने 94 रन खर्च करते हुए 6 विकेट झटक लिए. इसमें गुडकेश ने सबसे बड़े शिकार किए. बाएं हाथ के स्पिनर ने जैकब बैथेल, टॉम बैंटन और कप्तान हैरी ब्रूक को पवेलियन की राह दिखाई, जबकि चेज ने दिग्गज ओपनर बटलर और विस्फोटक फिनिशर विल जैक्स का खेल खत्म किया. अंत में सैम करन (43 नाबाद) ने जरूर कुछ कोशिशें की लेकिन ये नाकाफी रही.

Share This Article