Vedant Samachar

इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चोरी के बाद लगाई आग, आरोपी गिरफ्तार…

Vedant Samachar
2 Min Read

सारंगढ़-बिलाईगढ़,11 फरवरी(वेदांत समाचार) । भटगांव में एक इलेक्ट्रॉनिक व फर्नीचर दुकान में चोरी के बाद आगजनी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 8 फरवरी की रात की बताई जा रही है। प्रार्थी जानू केसरवानी, निवासी वार्ड क्रमांक 2 भटगांव, ने थाना भटगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उनकी इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर की दुकान बड़े तालाब के सामने स्थित है। 8 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। तड़के लगभग 3 बजे बगल की श्रीराम ज्वेलर्स के संचालक आलोक सोनी ने फोन कर गोदाम में आग लगने की सूचना दी।

मौके पर पहुंचकर देखा गया कि गोदाम में आग लगी हुई थी, जिससे तीन पेटी झालर लाइट, दो पेटी इलेक्ट्रॉनिक टॉर्च और दो स्टैंड फैन जलकर नष्ट हो गए। पास के दुकानदार टिकेश्वर साहू के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर रात 1:32 बजे आरोपी दिनेश पटेल (26 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 6 नगर पंचायत भटगांव, गोदाम का ताला तोड़कर अंदर घुसते और आग लगाते हुए दिखाई दिया।

आरोपी ने गोदाम से 43 इंच का आईएमआई कंपनी का एलईडी टीवी (कीमत 20,000 रुपये) और एक हैवल्स कंपनी का मिक्सर ग्राइंडर (कीमत 8,500 रुपये) चोरी कर लिया था। कुल चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 28,500 रुपये आंकी गई है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवकुमार धारी, सहायक उप निरीक्षक बृजमोहन कश्यप, आरक्षक घनश्याम डड़सेना, भूपेंद्र साहू, राहुल खूंटे, खेलावन बघेल, लक्ष्मीकांत और तन्जय का विशेष योगदान रहा।

Share This Article