सोहागपुर, 10 फरवरी । SECL मुख्यालय, बिलासपुर की पहल पर निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित स्वरोजगार-केंद्रित सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत दिनांक 9 फरवरी 2026 को सोहागपुर क्षेत्र में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को कौशल-आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से स्थायी आजीविका से जोड़ना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सोहागपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक बी.के. जेना द्वारा ATDC से प्रशिक्षण पूर्ण कर चुकी महिलाओं को कोर्स पूर्णता प्रमाण पत्र, गारमेंट निर्माण एवं सिलाई कार्य से संबंधित रोजगार ऑफर पत्र प्रदान किए गए।

सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच की 29 ग्रामीण महिलाओं ने सिलाई, परिधान निर्माण, गारमेंट फिनिशिंग, गुणवत्ता नियंत्रण तथा लघु उद्यम प्रबंधन से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया। उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षणार्थियों की एक बड़ी संख्या ने बाहरी रोजगार के स्थान पर स्थानीय स्तर पर स्वयं का सिलाई व्यवसाय प्रारंभ करने की इच्छा व्यक्त की, जो इस पहल की प्रभावशीलता को दर्शाता है।
इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के दौरान सिलाई प्रशिक्षण के नवीन बैच की 22 महिलाओं को प्रशिक्षण प्रारंभ करने हेतु बैग सहित सिलाई किट प्रदान की गई, जिससे उन्हें प्रशिक्षण के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रशिक्षण अधिकारी प्रकाश पटले एवं सामुदायिक विकास अधिकारी गौरव सिंघल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
