बालोद,01 मार्च 2025 (वेदांत समाचार)। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने जिले के वन परिक्षेत्र डौण्डी के अंतर्गत कोटागांव से लगे भूरकाभाट के समीपस्थ जंगल के कक्ष क्रमांक 152 आरएफ में किए गए बांस उत्पादन कार्य के अलावा बांस भिर्रा सफाई, मिट्टी गुड़ाई एवं कंटूर ट्रेंच निर्माण कार्य का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी ली। मौके पर उपस्थित रेंज अधिकारी जीवन लाल भोंडेकर ने बताया कि प्राकृतिक बांस पौधा 04 वर्ष में एवं वर्तमान में रोपे जा रहे बांस पौधा 10 साल में परिपक्व हो जाता है।
इसके पश्चात् इसकी छटाई कर बांस को वन विभाग के डीपो में संग्रहित किया जाता है। इस दौरान रेंज अधिकारी के द्वारा कलेक्टर चन्द्रवाल को बांस पौधे के रोपण से लेकर उसके बाल्यावस्था एवं परिपक्व होने तक के विभिन्न प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके पश्चात् कलेक्टर चन्द्रवाल ने ग्राम अवारी पहुँचकर वन विभाग के रोपणी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अवारी रोपणी में किए जा रहे कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। चन्द्रवाल ने रोपणी में तैयार किए गए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का भी अवलोकन किया।
मौके पर उपस्थित रेंज अधिकारी जीवन लाल भोंडेकर ने बताया कि अवारी के इस रोपणी में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत निःशुल्क पौधा रोपण हेतु 50 हजार पौधा उत्पादन करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष ’एक पेड़ मां के नाम अभियान’ एवं जिले में सघन वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत अवारी रोपणी से पौधा प्रदान किया गया था।
भोंडेकर ने इस वर्ष अवारी रोपणी में 85 हजार पौधे उत्पादन करने का लक्ष्य मिलने की भी जानकारी दी। इस दौरान कलेक्टर चन्द्रवाल ने रोपणी में तैयार किए गए चंदन, साजा, नीलगिरी, मुसली आदि पौधों का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने अवारी रोपणी में वन प्रबंधन समिति मरकाटोला द्वारा निर्माण किए जा रहे वर्मी कम्पोस्ट निर्माण कार्य का भी अलवोकन किया। इस मौके पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डीडी मण्डले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।