जांजगीर-चांपा, 05 अप्रैल 2026। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेंड्री में पुलिस द्वारा नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना नवागढ़ प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने लोगों को अवैध शराब के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्ति का संदेश दिया। साथ ही ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों से बचाव के लिए महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए गए। ग्रामीणों को विशेष रूप से अंजान लिंक पर क्लिक न करने और किसी भी स्थिति में ओटीपी साझा न करने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब, नशा कारोबार और सामाजिक अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को सुरक्षित और सजग बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
