Vedant Samachar

रायगढ़ : छाल थाना में प्रेरणादायी नागरिकों का सम्मान, सामुदायिक पुलिसिंग को मिली नई मजबूती

Vedant samachar
3 Min Read

रायगढ़, 08 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले में पुलिस–जन सहभागिता को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना छाल परिसर में एक प्रेरणादायी सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने वाले नागरिकों, युवाओं और कर्तव्यनिष्ठ कोटवारों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने ग्राम कोटवारों की बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने गांवों की गतिविधियों की जानकारी ली और कोटवारों को किसी भी घटना या दुर्घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए। इसके बाद आयोजित सम्मान समारोह में समाज के लिए मिसाल बने नागरिकों को प्रशस्ति पत्र और मेमेंटो प्रदान किए गए।

सम्मान समारोह के तहत ग्राम तरेकेला निवासी नीरज सिदार और सादराम राठिया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दोनों युवाओं ने मानवता का परिचय देते हुए ग्राम तरेकेला के पास मुख्य मार्ग पर पेड़ से टकराकर घायल हुए कोरबा निवासी एक अज्ञात युवक को तत्काल छाल अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही युवक को कोरबा रेफर किए जाने तक वे अस्पताल में उसके साथ मौजूद रहे। इस दौरान छाल पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। थाना प्रभारी को पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इस सराहनीय कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए युवाओं को सम्मानित किया।

इसी क्रम में ग्राम रिलो निवासी लवकुश महंत और ग्राम पुसल्दा निवासी हरिशंकर चौहान को भी सम्मानित किया गया। ये दोनों युवा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिसमित्र की भूमिका निभाते हुए लगातार पुलिस का सहयोग कर रहे हैं।

कार्यक्रम में हाई स्कूल कटाईपाली के मेधावी छात्र गगन कुमार को भी सम्मानित किया गया, जिसने कक्षा दसवीं की परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। वहीं ग्राम पोड़ी के कोटवार छेदूदास को उनके कर्तव्यों के ईमानदार और जिम्मेदार निर्वहन के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे नागरिकों को सम्मानित करने से न केवल उनका मनोबल बढ़ता है, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी सकारात्मक और जिम्मेदार कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में थाना छाल का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।

कार्यक्रम को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में समाज के सजग और जिम्मेदार नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जो लोग मानवता, शिक्षा, शांति और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं, वही समाज की वास्तविक ताकत होते हैं। रायगढ़ पुलिस ऐसे नागरिकों को निरंतर प्रोत्साहित करती रहेगी, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग की मजबूत कड़ी बनी रहे।

Share This Article