Vedant Samachar

स्काउट गाइड ने शुरू किया प्याऊ घर, शरबत और गुड़ चना का वितरण

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,27 मार्च (वदंत समाचार)। शुक्रवार को रामनवमी के पावन पर्व के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा द्वारा कलेक्टोरेट मार्ग पर प्याऊ घर के माध्यम से जलसेवा कार्य का शुभारंभ किया गया। नगर पालिक निगम, कोरबा के वार्ड क्रमांक 37 की पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्रीमती ममता यादव द्वारा फीता काटकर प्याऊ घर का विधिवत शुभारंभ किया गया। राहगीरों को शीतल पेय, शरबत तथा गुड़- चना का वितरण किया गया।

पार्षद श्रीमती ममता यादव ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के इस सेवा कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि पानी पिलाना एक पुण्य का काम होता है। इस तरह के सामाजिक सरोकार वाले कार्य निरंतर होते रहना चाहिए। जिला संगठन आयुक्त (गाइड) उत्तरा मानिकपुरी ने बताया कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राज्य मुख्यालय के निर्देशानुसार कोरबा सहित राज्य के सभी जिलों में एक माह के लिए प्याऊ घर प्रारंभ किए जा रहे है। कोरबा शहर के अन्य स्थानों तथा विकासखंड और विद्यालयों की इकाइयों द्वारा भी प्याऊ घर शुरू किए जाएंगे।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा द्वारा ग्रीष्म ऋतु में हर साल प्याऊ घर स्थापित किए जाते हैं। प्याऊ घर के शुभारंभ अवसर पर डीटीसी (गाइड) गनेशी सोनकर, गाइड केप्टिन पूर्णिमा भट्टाचार्य, रोवर लीडर राजीव कुमार साहू, जगन्नाथ सिंह नेताम, मनराखन अगरिया, कब मास्टर मेषराम पटेल, गाइड केप्टिन अंकिता सामल, जिला युवा समिति के अध्यक्ष पप्पू चन्द्रा, सीनियर रोवर संदीप ठाकुर, सीनियर रेंजर अंकिता पाण्डेय सहित स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स आदि की उपस्थिति रही।

Share This Article