Vedant Samachar

बीच सड़क रुका मंत्री का काफिला, चाय-समोसे पर हुई सियासत और जनसमस्याओं पर चर्चा

Vedant samachar
2 Min Read

मनेंद्रगढ़, 8 फरवरी 2026। राजनीति को अक्सर मंचों और सभाओं तक सीमित माना जाता है, लेकिन मनेंद्रगढ़ में रविवार को सियासत का एक अलग और आत्मीय रंग देखने को मिला। राज्य के मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल का काफिला अचानक बीच सड़क टैक्सी स्टैंड के पास एक स्थानीय होटल पर रुक गया। बिना किसी औपचारिकता और प्रोटोकॉल के मंत्री होटल पहुंचे और वहां मौजूद कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों के साथ चाय-समोसे का आनंद लिया।

इस दौरान मंत्री का अंदाज़ पूरी तरह सहज और आत्मीय नजर आया। वे मंत्री से अधिक एक जनप्रतिनिधि और विधायक के रूप में आम लोगों के बीच बैठे दिखे। होटल में मौजूद लोग मंत्री को अचानक अपने बीच पाकर हैरान भी हुए और उत्साहित भी। देखते ही देखते होटल राजनीतिक चर्चाओं और हल्के-फुल्के माहौल का केंद्र बन गया।

चाय की चुस्कियों और समोसे के साथ क्षेत्र के विकास, सड़क, बिजली, पानी सहित अन्य स्थानीय समस्याओं पर खुलकर बातचीत हुई। मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने न केवल कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं, बल्कि कई मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों से तत्काल फोन पर बात करने का भरोसा भी दिलाया। कार्यकर्ताओं ने इस अनौपचारिक मुलाकात को अपने लिए खास और यादगार बताया।

इसी दौरान माहौल उस वक्त और दिलचस्प हो गया, जब “समोसे पर सियासत” छिड़ गई। मंत्री ने बिहार की राजनीति को लेकर राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर तंज कसते हुए कहा, “समोसे में आलू तो है, लेकिन बिहार से लालू गायब हैं।”मंत्री के इस बयान पर होटल में मौजूद लोग हंस पड़े और यह टिप्पणी राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गई।

Share This Article