Vedant Samachar

करतला रेंज में दंतैल हाथी का आतंक, सब्जी फसलें रौंदी, ग्रामीणों में दहशत

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 31 दिसंबर (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले के करतला वन रेंज में दंतैल हाथी का उत्पात लगातार जारी है। सेंद्रीपाली सर्किल में बीते कई दिनों से विचरण कर रहा यह दंतैल हाथी ग्रामीण इलाकों में घुसकर किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहा है। हाथी द्वारा केला, गन्ना सहित विभिन्न सब्जी फसलों को रौंदे जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार बीती रात दंतैल हाथी ने सेंद्रीपाली सर्किल के नवाडीह गांव में जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने तीन ग्रामीणों की बाड़ियों में घुसकर वहां लगी सब्जी की फसलों को तहस-नहस कर दिया, जिससे संबंधित किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। सुबह पीड़ित ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और हाथी द्वारा की गई क्षति का आकलन कर पंचनामा तैयार किया। नुकसान की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह दंतैल हाथी पहले कोरबा और कटघोरा क्षेत्र में तीन लोगों की जान ले चुका है, जिसके बाद यह करतला रेंज की ओर पहुंचा और जंगलों में डेरा डाल लिया। प्रारंभ में हाथी करीब तीन दिनों तक बड़मार क्षेत्र में डटा रहा, इसके बाद पीडिया पहुंचा, जहां एक दिन रुककर उत्पात मचाने के बाद सेंद्रीपाली क्षेत्र में प्रवेश कर गया।

वन विभाग के अनुसार सेंद्रीपाली क्षेत्र में हाथी को पर्याप्त मात्रा में चारा और पानी उपलब्ध हो रहा है, साथ ही वातावरण भी अनुकूल है, इसी कारण दंतैल हाथी ने यहां ठहराव बना लिया है। इधर कटघोरा वनमंडल के जटगा रेंज में भी बड़ी संख्या में दंतैल हाथियों की मौजूदगी बताई जा रही है। यह दल दिनभर जंगल में विश्राम करता है और शाम होते ही बाहर निकलकर आसपास चारा चरने के बाद पुनः जंगल की ओर लौट जाता है।

दंतैल हाथी की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। लोग रात के समय खेत-बाड़ी जाने से बच रहे हैं और वन विभाग से हाथी को सुरक्षित क्षेत्र में खदेड़ने की मांग कर रहे हैं।

Share This Article