घर में अकेले 10 साल के बच्चे ने माँ की आँचल को फंदा बनाकर लगाई फांसी , नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

भोपाल 25 जनवरी (वेदांत समाचार)। अशोका गार्डन में 10 साल के बच्चे ने फांसी लगा ली। वह जवाहर स्कूल में 6th क्लास का स्टूडेंट था। घर में अकेला था। मां, 16 साल की बेटी के साथ उसकी आंसरशीट जमा करने स्कूल गई थी। बाजार में उसके पास बेटे का फोन आया। बेटे ने कहा- मां अच्छा खाना लेकर आना। मां घर लौटी तो जिगर का टुकड़ा सीलिंग फैन पर फंदे से लटका मिला।

एकतापुरी कॉलोनी, अशोका गार्डन में रहने वाले अक्षत सिंह फोटोग्राफर हैं। अक्षत सोमवार सुबह ही काम पर चले गए। पत्नी स्नेहलता, बेटी को लेकर उसके स्कूल चली गई। घर में उनका बेटा रुद्राक्ष अकेला था। शाम को रुद्राक्ष ने पिता को फोन लगाया। मां के बारे में पूछा। फिर उसने मां को फोन लगाया। बोला- मेरे लिए कुछ अच्छा खाने को लेते आना। मां स्कूल के बाद बाजार कर देर शाम घर पहुंची। देखा तो कमरे के अंदर रुद्राक्ष फंदे पर लटका है। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

बेड पर टेबल लगाकर फंदा लगाया
बच्चे ने सीलिंग फैन से फांसी लगाई। उसने फैन में फंदा लगाने के लिए बेड के ऊपर करीब डेढ़ फीट ऊंची टेबल रखी। टेबल पर चढ़कर उसने दुपट्‌टे का फंदा फैन में फंसाया और झूल गया।

परिवार का बुरा हाल
परिवार का बुरा हाल है। पिता ने बताया- रुद्राक्ष पढ़ने में होशियार था। समझ नहीं आ रहा कि उसने ऐसा क्यों किया। उसे कोई परेशानी नहीं थी। सबसे हाथ जोड़कर कहता हूं कि बच्चों को अकेला नहीं छोड़ें। बच्चे टीवी में क्राइम के सीरियल देखकर नया-नया एक्सपेरीमेंट कर रहे हैं। अक्षत ने बताया कि बेटा मोबाइल में गेम नहीं खेलता था। वह सिर्फ ऑनलाइन क्लास के लिए मोबाइल का यूज करता था।