9 राज्यों के अधिकारियों से चर्चा करेंगे स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया

नई दिल्ली25 जनवरी (वेदांत समाचार)।  देश में लगातार पांचवें दिन तीन लाख से ज्यादा कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर संक्रमण दर 20 फीसदी के पार निकल गई है। राहत की खबर यह है कि चार महानगरों दिल्ली, मुंबई, चेन्नई व कोलकाता में तीसरी लहर का पीक गुजर गया है। दिल्ली में 5,760 नए केस मिले। वहीं, 30 की मौत हो गई। संक्रमण दर 11.79 फीसदी रहा।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया आज (मंगलवार को) नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों के साथ कोविड-19 की स्थिति को लेकर सुबह साढ़े दस बजे चर्चा करेंगे। सूत्रों के मुताबिक इनमें जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली, लद्दाख, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ शामिल हैं। यह चर्चा वर्चुअल माध्यम से होगी। इससे पहले मंडाविया ने महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, गोवा, दादरा-नागर हवेली, दमन दीव के स्वास्थ्य मंत्रियों व प्रधान सचिवों के साथ चर्चा की थी।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों का मानना है, कोरोना के दैनिक मामलों में कमी शुरू हो चुकी है। 15 फरवरी के बाद से राष्ट्रीय स्तर पर यह कमी दिखनी भी शुरू हो जाएगी। हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञ संक्रमण के आंकड़ों में उतार-चढ़ाव को शुभ संकेत नहीं मान रहे हैं। उनका कहना है, जितने लंबे समय तक लहर टिकेगी, इसकी वापसी की आशंका उतनी ही कम होगी।

ओमिक्रॉन का नया रूप, 21 संक्रमितों में 6 बच्चे
मध्य प्रदेश के इंदौर में ओमिक्रॉन स्वरूप के उप-वंश बीए.2 के 21 केस मिले हैं। इनमें छह बच्चे हैं। छह मरीजों के फेफड़ों की क्षमता में एक प्रतिशत से 50 प्रतिशत तक की कमी देखी गई है, इनमें से तीन मरीज अस्पताल में हैं।