रायपुर, 07 फरवरी (वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देश पर विजिबल पुलिसिंग को प्रभावी रूप से लागू करते हुए चाकू लेकर घूमने वाले अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है।
इसी क्रम में 6 फरवरी 2026 को थाना मौदहापारा पुलिस द्वारा मेकाहारा के पास आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान दो युवकों के पास से धारदार चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से अग्नि यादव पिता राजेश यादव उम्र 18 वर्ष निवासी दलदल सिवनी थाना पंडरी जिला रायपुर तथा मुकेश यादव पिता रिखी यादव उम्र 18 वर्ष निवासी दलदल सिवनी महावीर चौक थाना पंडरी जिला रायपुर को पकड़ा। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना मौदहापारा में पृथक-पृथक अपराध क्रमांक 26/2026 एवं 27/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
वहीं सेंट्रल जोन क्षेत्र में फरार एवं स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 5 फरवरी 2026 को एसीपी कोतवाली डिवीजन के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली, गोल बाजार, मौदहापारा एवं थाना गंज क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान दर्जन भर स्थाई वारंटी और लंबे समय से फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल देने के लिए चाकूबाजी, अवैध हथियार रखने वाले असामाजिक तत्वों और फरार वारंटियों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस सख्त और सतत कार्रवाई से अपराधियों में भय और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो रहा है।
