लगातार पांचवें दिन गिरा मार्केट, निवेशकों के 11 लाख करोड़ डूबे

मुंबई 24 जनवरी (वेदांत समाचार)।  हफ्ते के पहले दिन भी शेयर बाजार में गिरावट का ट्रेंड जारी है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स सोमवार को 1,800 पॉइंट्स गिर कर 57,164 पर कारोबार पर कर रहा है। इस वजह से निवेशकों के 11 लाख करोड़ रुपए डूब गए। नायका, जोमैटो और पेटीएम जैसी कंपनियों के स्टॉक जमकर पिटे हैं।

शेयर बाजार में गिरावट का यह ट्रेंड पिछले 5 दिन से जारी है। आज बाजार में हुई गिरावट 5 दिन में सबसे ज्यादा है। पिछले मंगलवार को इसमें 554, बुधवार को 656, गुरुवार को 634 और शुक्रवार को 427 अंक की गिरावट आई थी।

शुक्रवार को मार्केट कैप 270 लाख करोड़ रुपए था जो आज 259 लाख करोड़ रुपए हो गया है। बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा और विप्रो के स्टॉक 4-4% टूट गए हैं। टाटा स्टील और टाइटन 4-4% गिरे हैं। एक हफ्ते में मार्केट कैप 21 लाख करोड़ रुपए घट गया है। पिछले सोमवार को यह 280 लाख करोड़ रुपए था।

सेंसेक्स आज 14 पॉइंट्स नीचे 59,023 पर खुला था और यही इसका पहले घंटे में ऊपरी स्तर भी था। इसका निचला स्तर 57,117 का था। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर्स गिरावट में हैं। सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर्स में एशियन पेंट्स, डॉ. रेड्‌डी, विप्रो और HCL टेक हैं।