C.G. CRIME : आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते दो सटोरिए गिरफ्तार, नगदी व मोबाइल जब्त

बिलासपुर, 05 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार)। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से नगदी और अन्य सामान जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले में जुआ और सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 4 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल मैच (राजस्थान रॉयल्स बनाम गुजरात टाइटंस) पर हार-जीत और रन बनाने को लेकर ऑनलाइन सट्टा खेल रहे हैं।

सूचना के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने तत्काल रेड कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ पवार (32), निवासी सिंधी कॉलोनी जरहाभाठा, और कमल पंजवानी (30), निवासी चकरभाठा कैंप, बिलासपुर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 मोबाइल फोन, एक एक्टिवा वाहन (क्रमांक CG-10 AJ-8770) और 1 लाख 48 हजार 500 रुपए नगद जब्त किए हैं। पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ धारा 7(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 112 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध सट्टा कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।