बिलासपुर, 04 फरवरी (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के तत्वावधान में कोल इंडिया लिमिटेड अंतर-कंपनी हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारंभ स्वर्गीय बी.आर. यादव अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैदान, बहतराई में हुआ। एक दशक बाद एसईसीएल को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है।
प्रतियोगिता 4 से 7 फरवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें एसईसीएल सहित कोल इंडिया की 8 अनुषंगी कंपनियों की टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन उपस्थित रहे। सभी टीमों ने मार्च-पास्ट किया और प्रतीकात्मक गोल के साथ टूर्नामेंट का उद्घाटन किया गया।
पहले दिन के मुकाबलों में एसईसीएल ने ईसीएल को 8-0 से हराया। एनसीएल ने बीसीसीएल को 4-1, सीसीएल ने एससीसीएल को 3-1, एमसीएल ने डब्ल्यूसीएल को 1-0 से पराजित किया। एसईसीएल ने बीसीसीएल को 6-0 से शिकस्त दी, जबकि एनसीएल ने ईसीएल को 4-0 से हराया।



