Vedant Samachar

कलचुरी पब्लिक स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का भव्य विदाई समारोह

Vedant samachar
1 Min Read

कोरबा। कलचुरी पब्लिक इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल, झाबर दीपका में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।

समारोह में विद्यालय के संचालक भौनेन्द्र कुमार डहरवाल एवं श्रीमती रीता डहरवाल, प्राचार्या श्रीमती प्रतिभा यादव, उपप्राचार्य चिरंजीव कैवर्त सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, श्रीफल एवं पुष्पार्पण के साथ पूजा-अर्चना कर किया गया।

इसके पश्चात कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की अगली कड़ी में विद्यालय संचालक एवं प्राचार्या ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें आगामी बोर्ड परीक्षा एवं भविष्य के लिए प्रेरित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों द्वारा दी गई शिक्षा, संस्कार एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने अपने जूनियर विद्यार्थियों को अनुशासन एवं लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

समारोह के अंत में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिससे कार्यक्रम उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Share This Article