Vedant Samachar

‘कम्युनिटी फर्स्ट’ पहल से कोरबा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को नई दिशा

Vedant Samachar
3 Min Read

कोरबा, 04 फरवरी 2026। कोरबा जिले के बारपाली तहसील क्षेत्र में स्थित कोरबा पावर लिमिटेड (केपीएल) द्वारा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के तहत ‘कम्युनिटी फर्स्ट’ की सोच को ज़मीनी स्तर पर साकार किया जा रहा है। अदाणी फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी संरचना के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से ग्रामीण इलाकों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

इसी क्रम में सोमवार को ग्राम पंचायत खोड्डल एवं सरगबुंदिया के शासकीय प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालय परिसरों में निर्मित बाउंड्री वॉल का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन, विद्यार्थी, अभिभावक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इसे विद्यालय सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

बाउंड्री वॉल निर्माण का उद्देश्य न केवल विद्यालय परिसर को असामाजिक तत्वों से सुरक्षित करना है, बल्कि पंचायत भवन, दो आंगनवाड़ी केंद्र, सामुदायिक मंच, हाई मास्ट लाइट और ओवरहेड वाटर टैंक जैसी सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करना है। साथ ही गांव में स्वच्छ पेयजल की सुविधा के लिए आरओ जल संयंत्र लगाने का कार्य भी प्रगति पर है।

स्वच्छ विद्यालय अभियान के तहत ग्राम पंचायत पताढ़ी के शासकीय विद्यालय दर्राभाठा में छात्र-छात्राओं के लिए पृथक पुरुष एवं महिला शौचालयों का निर्माण कराया गया, जिसका उद्घाटन भी सोमवार को किया गया। इससे विशेष रूप से छात्राओं को स्वच्छता और सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त सरगबुंदिया एवं उरगा के विद्यालयों में शौचालय निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।

शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन द्वारा कुदुरमल, उरगा, अखरापाली, बारीडीह, कटबिटला, संडैल, बैसामुड़ा, सरायडीह सहित आसपास के गांवों के 46 शासकीय विद्यालयों में 4100 से अधिक विद्यार्थियों को स्कूल बैग, नोटबुक एवं ज्योमेट्री बॉक्स युक्त स्कूल किट वितरित किए गए।

स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी फाउंडेशन द्वारा अब तक 06 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें 12 गांवों के लगभग 2500 से अधिक ग्रामीणों को स्वास्थ्य परामर्श, जांच और निःशुल्क दवाइयों का लाभ मिला।

ग्रामीणों, स्कूल स्टाफ और स्थानीय नागरिकों ने इन पहलों के लिए कोरबा पावर लिमिटेड एवं अदाणी फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रयास क्षेत्र के समग्र और सतत विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।
इन पहलों से यह स्पष्ट है कि ‘कम्युनिटी फर्स्ट’ की भावना के साथ अदाणी फाउंडेशन कोरबा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना विकास को निरंतर सशक्त बना रहा है।

Share This Article